NCR TODAY. Khabariya. New Delhi। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता को लेकर चल रही कवायद के बीच चाबहार बंदरगाह पर प्रतिबंध के मामले में भारत को अमेरिका से बड़ी तात्कालिक राहत मिली है जिसमें अमेरिका ने बंदरगाह के संचालन पर लगाये गये प्रतिबंधों में छह महीने की छूट दे दी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरूवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हमें बंदरगाह पर लागू अमेरिकी प्रतिबंधों से छह महीने की छूट दी गई है।’’
अमेरिका ने पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की ईरान पर परमाणु कार्यक्रम को लेकर लगायी गई पाबंदियों के मद्देनजर भारत के चाबाहार बंदरगाह के संचालन को लेकर प्रतिबंधों की घोषणा की थी। भारत ने इस बंदरगाह को संचालन के लिए दस वर्ष के लिए लीज पर लिया हुआ है।
अमेरिका ने प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए कहा था कि इसके संचालन पर 29 सितम्बर से जुर्माना लगाया जायेगा। बाद में कहा गया कि ये प्रतिबंध एक महीने बाद यानी 27 अक्टूबर से लागू होंगे। अब भारत को छह महीने यानी आगामी अप्रैल तक प्रतिबंधों में छूट दे दी गयी है।
भारत के लिए यह बंदरगाह अफगानिस्तान, मध्य एशिया और पूर्वी रूस तक व्यापार के लिए सुगम मार्ग प्रदान करता है।
इस बंदरगाह को लेकर भारत और ईरान के बीच 2016 में समझौता हुआ था।
उल्लेखनीय है कि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति के रूप में पहले कार्यकाल के दौरान भी भारत को चाबहार बंदरगाह के मामले में छूट दी गयी थी।
अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत के बारे में पूछे गये सवाल पर प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिकी पक्ष के साथ बातचीत जारी रखे हुए हैं। दोनों पक्ष लगातार बातचीत कर रहे हैं।’’
रूस की तेल कंपनियों पर अमेरिका के प्रतिबंधों से जुड़े सवाल पर श्री जायसवाल ने कहा कि हम इन प्रतिबंधों के प्रभाव का अध्ययन कर रहे हैं।
रूस से तेल की खरीद पर भारत के दृष्टिकोण पर उन्होंने कहा कि भारत बाजार के उथल पुथल भरे माहौल में अपने 140 करोड़ लोगों को सस्ते तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के रूख पर पर कायम है तथा राष्ट्रीय हितों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *