TODAY. Khabariya. New Delhi/Masko। मलेशिया की एक एयरलाइंस के लापता विमान एमएच 370 की पानी के भीतर खोज कर रही अमेरिकी समुद्री रोबोटिक्स कंपनी ‘ओशन इनफिनिटी’ को अपने ताजा अभियान में अब तक कोई महत्वपूर्ण सफलता नहीं मिली है। पीड़ितों के परिजनों को भेजी गई एक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, लगातार प्रयासों के बावजूद विमान का कोई सुराग नहीं मिला है।
रिपोर्ट में कहा गया है, “पानी के नीचे चलने वाले वाहनों की निरंतर तैनाती और व्यापक सर्वेक्षण कवरेज के बावजूद, अब तक के खोज अभियानों में कोई महत्वपूर्ण खोज या निर्णायक परिणाम प्राप्त नहीं हुआ है।”
गौरतलब है कि सिंगापुर के ध्वज वाले जहाज अर्मडा ने छह जनवरी से 15 जनवरी के बीच, लगभग 7,236.40 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का मानचित्रण किया। पहले इस अभियान के पूरा होने की तिथि 16 जनवरी तय की गई थी, लेकिन सर्वेक्षण क्षेत्र को अधिकतम करने और परिचालन संबंधी कारणों से इसे बढ़ाकर 24 जनवरी कर दिया गया।
डूबे हुए हवाई जहाज के खोज अभियान में तीन बेहद खास पानी नीचे चलने वाले वाहनों हयूजिन एयूवी का उपयोग किया जा रहा है। इससे 14 जनवरी को एक ही दिन में सबसे अधिक 870.91 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया गया। अब यह अभियान 7वीं आर्क के दक्षिणी हिस्से में केंद्रित है। यह वह भौगोलिक सीमा है जिसे उपग्रह संचार से मिली जानकारी के आधार पर विमान की अंतिम संभावित स्थिति माना गया है।
उल्लेखनीय है कि आठ मार्च 2014 की सुबह, मलेशिया एयरलाइंस का बोइंग 777-200 विमान (फ्लाइट एमएच 370) कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए रवाना हुआ था। इसमें 227 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद यह रडार से गायब हो गया।
माना जाता है कि विमान दक्षिण हिंद महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, लेकिन व्यापक तलाशी अभियानों के बाद भी आज तक इसके दुर्घटना स्थल का सटीक पता नहीं चल सका है।मलेशियाई परिवहन मंत्रालय ने 3 दिसंबर, 2025 को इस वर्तमान 55 दिवसीय अभियान की अनुमति दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *