NCR TODAY. Khabariya. New Delhi। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा (स्पेशल सेल) ने प्रकाशक ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ को नोटिस जारी कर उसके प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के संस्मरण, ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’, के आधिकारिक प्रकाशन से पहले इसके कथित तौर पर सार्वजनिक होने की जांच के संबंध में यह कार्रवाई की गई है।
इस पुस्तक के मुद्रण से पहले सार्वजनिक होने के संबंध में पहले ही एक मामला दर्ज किया गया था। इस पुस्तक में 2020 की गलवान घाटी झड़प का विवरण शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब मौजूदा प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) में आपराधिक षडयंत्र की धाराएं जोड़कर जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
प्रकाशक को यह नोटिस पुस्तक की स्थिति पर हाल ही में हुए विवाद के बाद दिया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनरल नरवणे के 2023 के एक सोशल मीडिया संदेश का उल्लेख किया था, जिसमें कहा गया था कि पुस्तक “अब उपलब्ध है”।
इसके जवाब में, ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ ने मानक प्रकाशन प्रक्रियाओं पर एक स्पष्टीकरण जारी किया। प्रकाशक ने कहा कि किसी पुस्तक की घोषणा करना या उसे प्री-ऑर्डर या पूर्व-आदेश के लिए सूचीबद्ध करना उसके प्रकाशन के समान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुस्तक को केवल तभी प्रकाशित माना जाता है जब वह भौतिक रूप से खुदरा दुकानों पर खरीद के लिए उपलब्ध हो।
कंपनी ने पहले यह दावा किया था कि इस संस्मरण की कोई भी प्रति, चाहे वह मुद्रित हो या डिजिटल, अब तक प्रकाशित, वितरित या बेची नहीं गई है।
विशेष शाखा कथित तौर पर जानकारी लीक होने के मामले की जांच कर रही है है और अधिकारी डिजिटल तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *