Ncr Today. Khabariya. Webvarta. Koldkta। शनिवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर कोलकाता में दुर्गा पूजा के एक पंडाल में भगदड़ मचने से हुई घटना में 17 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि घायलों में शामिल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे अधिकारी ने कहा, ‘‘17 लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं।’’

राष्ट्रपति ने लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कोलकाता में भगदड़ के कारण लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’’
पीएम ने दुख जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कोलकाता में भगदड़ की घटना बेहद दुखद है और उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि उत्तर कोलकाता में चित्तरंजन एवेन्यू के पास चोरबागान में सामुदायिक दुर्गा पूजा के आयोजकों की एक घोषणा के बाद श्रद्धालुओं में अचानक आगे बढ़ने की होड़ मच गई, जिससे यह ‘‘दुखद घटना’’ हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बारिश शुरू हुई, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर प्रतीक्षा कर रही भीड़ आगे की ओर भागी, जिससे कुछ लोग सड़क पर गिर गए और

भगदड़ मच गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर से बेहद स्तब्ध हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले।’’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *