वेबवार्ता. विदिशा। उत्तर प्रदेश सीमा से करीब 50 किलोमीटर दूरी पर मौजूद मध्यप्रदेश के जनपद विदिशा से एक विवाह समारोह में शामिल होकर इंदौर के महू वापस लौट रहे लोगों का वाहन हादसे का शिकार हो गया। इस घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई।

विदिशा जिले के सिरोंज तहसील में हुए इस हादसे के शिकार सभी लोग एक ही परिवार के हैं। सभी लोग इंदौर के महू स्थित अमलापुरा मानपुर लौट रहे थे। इस दौरान पिकअप वाहन अनियंत्रित होने से कल देर रात लटेरी तहसील की आरी घाटी पर पलट गया। हादसे में 12 लोग घायल हैं।
लटेरी थाना प्रभारी जयकुमार के अनुसार सूचना मिलने पर घायलों को लटेरी के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया , जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। देर रात में ही एक गंभीर घायल को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जहां उसकी मृत्यु हो गई। एक गंभीर घायल को भोपाल रेफर किया है। मृतकों का विदिशा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।