Ncr Today. Khabariya. New Delhi। भारत की बूमरेंग टीम 25 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक इंडोनेशिया के बडुंग में आयोजित होने वाली वर्ल्ड बूमरेंग चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई है। प्रस्थान से पहले टीम ने भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार से शिष्टाचार भेंट की, जिन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्व प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित किया।
जनजातीय परंपरा से जुड़ा है बूमरेंग
बूमरेंग का इतिहास मूल रूप से जनजातीय (ट्राइबल) समाज से जुड़ा माना जाता है। भारतीय टीम में कुल आठ खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें चार खिलाड़ी आदिवासी समाज से आते हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार निवासी भगवान दास टोप्पो भी शामिल हैं, जो देश के जनजातीय युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।
खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, खेल का हुआ प्रदर्शन
इस अवसर पर इंडो बूमरेंग एसोसिएशन के चेयरमैन नितिन खरबंदा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम के दौरान बूमरेंग खेल का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किया गया, जिसने उपस्थित खेल प्रेमियों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक मॉन्ट्रूज, डॉ. असित, उपाध्यक्ष शुभांशु सिंह सहित कई पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने भारतीय टीम को विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
भारतीय टीम में ये खिलाड़ी शामिल
विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व भगवान दास टोप्पो, भावना त्यागी, जय सिंह यादव, यश शुक्ला, बाला सुब्रह्मण्यम, प्रभाकरन और हरिओम सूर्यवंशी करेंगे। वहीं टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित रविकांत मिश्रा संभालेंगे।
24 देशों के बीच होगा मुकाबला
इस प्रतिष्ठित विश्व प्रतियोगिता में करीब 24 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में भारतीय टीम के सामने वैश्विक स्तर पर अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन करने का सुनहरा अवसर होगा।
भारतीय बूमरेंग टीम की यह यात्रा सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारंपरिक और जनजातीय खेलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। खेल प्रेमियों की नजरें अब इंडोनेशिया में होने वाली इस विश्व स्पर्धा पर टिकी हैं, जहां भारतीय खिलाड़ी तिरंगे का मान बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।